मीडिया वर्कशॉप 2 मई को, वरिष्ठ पत्रकार अनंत त्यागी देंगे प्रशिक्षण
भोपाल। पत्रकारों और पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष मीडिया वर्कशॉप का आयोजन शनिवार, 2 मई को इंदौर में किया जा रहा है। स्टेट प्रेस क्लब, मध्यप्रदेश के बैनर तले आयोजित यह वर्कशॉप अभिनव कला समाज के सभागार में होगी।
“जर्नी ऑफ ए जर्नलिस्ट” विषय पर आधारित इस कार्यशाला में जी न्यूज, नई दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार और एंकर अनंत त्यागी प्रतिभागियों को पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देंगे। वे अपने अनुभव साझा करते हुए पत्रकारिता के व्यावहारिक गुर भी सिखाएंगे।
स्टेट प्रेस क्लब, मप्र के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने बताया कि वर्कशॉप में प्रदेश के विभिन्न पत्रकारिता संस्थानों के विद्यार्थी और पत्रकार भाग लेंगे। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेगा। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
अनंत त्यागी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है। उन्होंने कई विधानसभा चुनावों, किसान आंदोलन, अयोध्या मामले और दिल्ली दंगों जैसे महत्वपूर्ण घटनाक्रमों का कवरेज किया है। साथ ही भारत-पाकिस्तान और भारत-चीन संबंधों जैसे संवेदनशील विषयों पर भी उनकी गहरी पकड़ रही है।
आयोजकों के अनुसार, यह वर्कशॉप पत्रकारिता के विद्यार्थियों और युवा पत्रकारों के लिए सीखने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी।


