सागर में मकान गणना का महाअभियान शुरू, 5 हजार से अधिक प्रगणक मैदान में
सागर। जनगणना महाअभियान के तहत कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन में जिले में मकान गणना का कार्य शुक्रवार से प्रारंभ हो गया। इस अभियान में 243 से अधिक प्रगणकों ने मैदानी स्तर पर काम शुरू कर दिया है।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि मध्य प्रदेश जनगणना निदेशालय के निर्देशानुसार 1 मई से 30 मई तक मकान गणना एवं सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके लिए जिले में कुल 4362 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) चिन्हित किए गए हैं, जिनमें नगर निगम क्षेत्र के 438 ब्लॉक भी शामिल हैं। कार्य के सुचारू संचालन हेतु 5370 प्रगणक एवं लगभग 1000 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
मध्य प्रदेश जनगणना निदेशालय से आए अधिकारी पवन मिश्रा ने बताया कि सभी प्रगणकों द्वारा 1 मई को मकान सूचीकरण एवं गणना से संबंधित मोबाइल ऐप डाउनलोड कर लिया गया है और इसके माध्यम से डिजिटल रूप से सर्वे कार्य किया जाएगा।
अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी अविनाश रावत ने जानकारी दी कि जिले के सभी 33 चार्ज क्षेत्रों में कंट्रोल रूम स्थापित कर कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। इसके अलावा जिला स्तर पर भी एक केंद्रीय कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है, जिससे कार्य की सतत मॉनिटरिंग की जा सके।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिलेवासियों से अपील की है कि जब प्रगणक उनके घर पहुंचे, तो वे निर्धारित 33 प्रश्नों के सही उत्तर देकर सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना का यह कार्य बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे भविष्य की योजनाओं का आधार तैयार होता है।
साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी भ्रामक जानकारी से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी शंका की स्थिति में संबंधित चार्ज अधिकारी से संपर्क करें। इसके लिए जिला स्तर पर सोशल मीडिया सेल का गठन किया गया है, जो लगातार निगरानी कर रहा है।


