जमीनी विवाद में किसान की हत्या : पिता-पुत्र गिरफ्तार, दो आरोपी अब भी फरार
सागर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरईवन में किसान की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। वहीं वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सरईवन निवासी कुंजन यादव (40 वर्ष) मंगलवार रात अपने खेत पर ट्रैक्टर चालक कमलेश के लिए खाना लेकर बाइक से पहुंचे थे। खेत में बखरनी का काम चल रहा था। इसी दौरान रात करीब 12 बजे गांव के ही मदन ठाकुर ने अपने दो बेटों और दामाद के साथ मिलकर कुंजन यादव पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी सबूत छिपाने की नीयत से शव को उठाकर पास स्थित एक कुएं में फेंककर फरार हो गए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी लगते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची महाराजपुर पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीमों ने दबिश देकर गांव के पास से मुख्य आरोपी मदन ठाकुर और उसके नाबालिग बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक और उनका परिवार मेढ़ पड़ोसी हैं तथा दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन और रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद हत्या का कारण सामने आया है। वारदात में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।


