सब्सिडी की राशि में से मांगे थे 2 लाख रुपये, शिकायत के सत्यापन के बाद शासकीय आवास पर लोकायुक्त टीम ने की ट्रैप कार्रवाई
पन्ना। उद्यान विभाग में रिश्वतखोरी के मामले में लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने विभाग के सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव और उनकी पत्नी रवि खरे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त की यह कार्रवाई पन्ना जिले में पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने स्थित शासकीय आवास एफ-3 में की गई।
ऑयल मिल लगाने के लिए लिया था बैंक से ऋण
लोकायुक्त से मिली जानकारी के मुताबिक, मामले के शिकायतकर्ता भागवत साहू (34), पिता दयाशंकर साहू, निवासी ग्राम मनकी, तहसील पवई, जिला पन्ना ने वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत ऑयल मिल स्थापित करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा की पन्ना शाखा से 5 लाख 94 हजार रुपये का ऋण लिया था।
इसी योजना के अंतर्गत उनकी पत्नी गेंदा बाई साहू ने आटा एवं ऑयल मिल शुरू करने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक की पवई शाखा से 6 लाख 30 हजार रुपये का कर्ज लिया था।
सब्सिडी जारी होने के बाद शुरू हुई रिश्वत की मांग
योजना के तहत भागवत साहू को 2 लाख 31 हजार 280 रुपये और उनकी पत्नी को 2 लाख 20 हजार 500 रुपये की सब्सिडी मिली थी। आरोप है कि उद्यान विभाग के सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव ने इस सब्सिडी की राशि में से 2 लाख रुपये बतौर रिश्वत मांगे थे।
शिकायत के अनुसार, रिश्वत की रकम नहीं देने पर सब्सिडी की राशि बैंक में वापस जमा कराने से संबंधित पत्र पर कार्रवाई नहीं करने की बात कही जा रही थी। साथ ही बैंक को आवश्यक पत्र जारी करने के बदले भी पैसे की मांग की जा रही थी।
शिकायत के बाद लोकायुक्त ने बनाई कार्रवाई की योजना
लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर भागवत साहू ने लोकायुक्त कार्यालय सागर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। लोकायुक्त टीम ने शिकायत की जांच और आरोपों का सत्यापन कराया। इसके बाद 23 नवंबर को योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
टीम ने पन्ना स्थित सहायक संचालक के शासकीय आवास पर दबिश देकर प्रदीप श्रीवास्तव और उनकी पत्नी रवि खरे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में ट्रैपकर्ता अधिकारी निरीक्षक रोशनी जैन के साथ लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम शामिल रही। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।








