मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर : भाई को धमकाकर बहन का अपहरण, 6 राज्यों की सीमा पार कर अमृतसर पहुंची पुलिस; 3 दिन में आरोपी गिरफ्तार

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
सागर : भाई को धमकाकर बहन का अपहरण, 6 राज्यों की सीमा पार कर अमृतसर पहुंची पुलिस; 3 दिन में आरोपी गिरफ्तार

सागर : भाई को धमकाकर बहन का अपहरण, 6 राज्यों की सीमा पार कर अमृतसर पहुंची पुलिस; 3 दिन में आरोपी गिरफ्तार

सागर। खुरई में नाबालिग छात्रा के अपहरण के मामले में सागर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 17 नवंबर को छात्रा को अगवा कर पंजाब के अमृतसर ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने तीन दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने अमृतसर के लाल बाग मंदिर से छात्रा को सुरक्षित बरामद किया। रविवार शाम पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा किया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, छात्रा के परिजनों ने 17 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि ब्रजकिशोर उर्फ विशाल तिवारी उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर छात्रा और आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग स्तर पर प्रयास किए।

भाई के साथ खुरई आ रही थी छात्रा, रास्ते में रोका

घटना के दिन छात्रा अपने भाई के साथ बाइक से खुरई लौट रही थी। इसी दौरान पॉलिटेक्निक रोड पर विशाल तिवारी अपने एक साथी के साथ पहुंचा और दोनों ने भाई-बहन को रास्ते में रोक लिया। आरोपी के साथी ने छात्रा के भाई को धमकाकर अलग कर दिया। इसके बाद विशाल छात्रा को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर वहां से ले गया।

मोबाइल लोकेशन से मिला अमृतसर का सुराग

अपहरण की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी के पंजाब के अमृतसर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने करीब छह राज्यों की सीमाएं पार करते हुए अमृतसर तक पहुंच बनाई।

जांच में पता चला कि आरोपी ने छात्रा को वहां लाल बाग मंदिर में रखा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और विशाल तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है।

रिश्तेदारों के यहां रहकर पढ़ाई करती थी छात्रा

पुलिस के अनुसार, नाबालिग छात्रा खुरई थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह पढ़ाई के लिए खुरई में अपने रिश्तेदारों के यहां रहती थी। दीपावली की छुट्टियों में वह अपने गांव गई हुई थी। 18 नवंबर से उसकी कक्षा 12वीं की छमाही परीक्षाएं शुरू होनी थीं। इसी वजह से उसका भाई उसे बाइक से वापस खुरई छोड़ने आ रहा था, लेकिन रास्ते में आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस ने आरोपी विशाल तिवारी के खिलाफ अपहरण से संबंधित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी, जांच अधिकारी उपनिरीक्षक अशोक उपाध्याय और आरक्षक धीरेंद्र सिंह राजावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →