सागर में शराब पीने से पहले सरकारी स्वास्थ्य परीक्षण! सुरा प्रेमियों की सेहत को लेकर प्रशासन सतर्क, बिनायका-मगरधा में स्वास्थ्य टीम तैनात
सागर। शराब पीने के बाद कोई अनहोनी न हो और फिर प्रशासन पर सवाल न उठें, शायद इसी सोच के साथ अब बंडा क्षेत्र में प्रशासन की कवायद हर स्तर पर जारी है। हालात ऐसे हैं कि सुरा प्रेमियों की सेहत को लेकर सरकारी अमला भी मैदान में उतर आया है। शराब पीने से पहले नहीं तो कम से कम शराब पीने के बाद स्वास्थ्य बिगड़ने पर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।
बंडा के बिनायका-मगरधा क्षेत्र की शराब से जुड़ी घटनाओं के बाद कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर शराब दुकानों के पास व इलाकों में स्वास्थ्य एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार कर रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया और सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे के निर्देश पर टीम ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी मशीनों से स्वास्थ्य परीक्षण व शराब से दूर रहने की समझाइश भी दी जा रही हैं।
व्यंग्य अपनी जगह, लेकिन शराब से जुड़ी घटनाओं के बाद ग्रामीणों की सेहत की निगरानी और समय पर उपचार की यह पहल जरूरी है। सवाल यह भी है कि ऐसी सतर्कता केवल घटना के बाद ही क्यों, शराब की गुणवत्ता, अवैध बिक्री और निगरानी पर पहले से ही इतनी गंभीरता क्यों न बरती जाए?
फिलहाल प्रशासन की कोशिश है कि किसी की जान जोखिम में न पड़े और ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।








