मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

75 कन्याओं का सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री डॉ. यादव बने साक्षी, 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
75 कन्याओं का सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री डॉ. यादव बने साक्षी, 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा

सामूहिक विवाह समय की आवश्यकता और समाज की जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

सिजई में 75 कन्याओं का सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री डॉ. यादव बने साक्षी

मुख्यमंत्री ने 75 नवदंपतियों को 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने स्वामी परमानंद गोधाम गोशाला में हॉल निर्माण की घोषणा की

मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती और गाय पालन करने वाले किसानों को 1 हजार रुपये प्रतिमाह देने की बात कही

मुख्यमंत्री ने कहा दो वर्षों में मध्यप्रदेश को दुग्ध उत्पादन में देश में पहले स्थान पर लाने का लक्ष्य

सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामूहिक विवाह समारोह में 75 नवदंपतियों को 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समय की आवश्यकता और समाज की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने श्री श्री 108 श्री स्वामी परमानंद जी गिरि महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया एवं उनके कुशल मंगल की कामना की। सामूहिक विवाह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने जयमाला कार्यक्रम में शिरकत कर नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए और उनके सुखद दांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि देवउठनी ग्यारस के इस पावन अवसर पर भगवान विष्णु के जागरण के साथ ही सभी मंगल कार्यों की शुरुआत हो गई है।

*सामूहिक विवाह समाज में भेदभाव मिटाने का सशक्त माध्यम

मुख्यमंत्री ने 75 बेटियों के सामूहिक विवाह को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छुआछूत, जातिवाद और अमीर-गरीब जैसे सभी सामाजिक भेदभाव समाप्त हो जाते हैं। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं भी अपने बेटे का विवाह सामूहिक विवाह समारोह में कराया है। कहा कि जब व्यक्ति किसी बड़े पद पर पहुंचता है तो समाज उसे देखता है। इसलिए हम जो कहते हैं, उसे अपने चरित्र और आचरण में भी उतारना चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब समय की मांग के अनुसार सामूहिक विवाह के लिए पूरे समाज को आगे आना होगा। हमें सामूहिक विवाह को सामूहिक शक्ति बनाना होगा। जब समाज एकजुट होता है, तो इससे बड़े सकारात्मक बदलाव आते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह से अनावश्यक खर्च पर रोक लगती है, जिससे परिवार कर्ज से बचते हैं और वही धनराशि नवदंपति के उज्ज्वल भविष्य के काम आती है। एक ही मंडप के नीचे जब सभी के विवाह संपन्न होते हैं तो ऊंच-नीच और भेदभाव की दीवारें गिरती हैं, आपसी भाईचारा और एकता मजबूत होती है। यह केवल कुछ परिवारों की सहायता का विषय नहीं बल्कि समाज की सोच बदलने का अभियान है। जब समाज किसी बेटी के विवाह में सम्मिलित होता है तब वह बेटी केवल एक परिवार की बेटी नहीं, पूरे समाज की बेटी बन जाती है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज के समय में विवाह समारोहों में बढ़ता अनावश्यक खर्च और दिखावा मध्यम एवं गरीब परिवारों के लिए एक बड़ी चिंता और आर्थिक बोझ बन गया है। बेटी के विवाह के लिए माता-पिता को जीवन भर की जमा-पूंजी खर्च करनी पड़ती है, कई बार उन्हें कर्ज लेना पड़ता है और वर्षों तक उस कर्ज के बोझ तले दबे रहना पड़ता है।

बेटियों के माता-पिता के लिए बेटियों का विवाह कर्ज और आर्थिक बोझ का कारण न बने, इसलिए सरकार मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह में हर संभव सहयोग कर रही है। वहीं जब अखंड परम धाम जैसी संस्थाएं और समाज साथ खड़ा होता है, तो यह प्रयास एक सशक्त जन-आंदोलन बन जाता है। प्रदेश सरकार गौसेवा और बेटियों के सम्मान, उनके सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार जन्म से लेकर हर परिस्थिति में बहन-बेटियों के साथ खड़ी है।

प्रदेश में हो रहे सांस्कृतिक विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक चेतना का पुनः जागरण हुआ है और वर्ष 2022 में श्री महाकाल महालोक बनने के बाद उज्जैन की दशा पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार जनकल्याण के साथ-साथ उन सभी स्थानों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित कर रही है, जहां भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण ने लीलाएं की थीं। प्रदेश के हर त्योहार में एक संदेश छिपा है, इसलिए सरकार गोवर्धन जयंती और जन्माष्टमी जैसे पर्वों में सक्रिय रूप से शामिल हो रही है। इसी गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा को सम्मान देने के लिए सरकार ने विश्वविद्यालयों के कुलपति को अब ‘कुलगुरु’ कहने का निर्णय लिया है।

*दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने के लिए हर पंचायत, नगर निगम एवं नगर पालिका में स्थापित हो गौशाला

गौमाता के महत्व को रेखांकित करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि गाय में तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का वास होता है और राज्य सरकार गौशालाओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा की कि दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश की हर पंचायत, नगर निगम और नगर पालिका में गौशाला स्थापित होना चाहिए, उसके लिए पूरा खर्च सरकार उठाएगी। इसके लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है।

*दो वर्षों में दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश को पहले स्थान पर लाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है, जिसे अगले दो वर्षों में पहले स्थान पर लाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि गौपालन व डेयरी व्यवसाय से जुड़ने वालों को सहकारिता और निजी दोनों स्तरों पर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती करने और गाय पालने वाले किसानों को सरकार द्वारा एक हजार रुपये प्रतिमाह मिले, ताकि घर-घर गाय पालने का अभियान सफल हो सके।

अखण्ड परम धाम की ओर से स्वामी परमानंद गोधाम गोशाला में प्रवचन हॉल की आवश्यकता से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अवगत कराया गया। इस पर मुख्यमंत्री ने सामूहिक विवाह समारोह के मंच से गोशाला परिसर में हॉल निर्माण की घोषणा की। इससे श्रद्धालुओं एवं भक्तों को धार्मिक प्रवचन, सत्संग और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधा उपलब्ध होगी।

*75 कन्याओं का सामूहिक विवाह महोत्सव संपन्न

अखण्ड परम धाम के तत्वावधान में स्वामी परमानन्द गोधाम गौशाला, ग्राम सिजई में 75 सर्वजातीय कन्याओं का सामूहिक विवाह महोत्सव संपन्न हुआ।

अखण्ड परम धाम के तत्वावधान में स्वामी परमानन्द गोधाम गौशाला, ग्राम सिजई में 75 सर्वजातीय कन्याओं का सामूहिक विवाह महोत्सव संपन्न हुआ।सामूहिक विवाह महोत्सव में महामण्डलेश्वर आचार्य प्रवर युगपुरुष स्वामी परमानन्द गिरि जी महाराज, साध्वी ऋतम्भरा जी (दीदी माँ), महामण्डलेश्वर दिव्य चेतना जी, स्वामी सिद्धाश्रम जी महाराज, स्वामी ध्यानानंद जी महाराज, स्वामी चेतनानंद जी महाराज, स्वामी सम्पूर्णानंद जी महाराज, स्वामी दयानंद जी महाराज, महामण्डलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानन्द गिरि जी महाराज, महामण्डलेश्वर वेदानंद जी महाराज, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक ललिता यादव एवं विधायक अरविन्द पटैरिया, चंद्रभान सिंह गौतम उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर मृणाल मीना, एसपी रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे और बड़ी संख्या में गुरुभक्त, ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →