मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

6 हजार व्यावसायिक प्रशिक्षकों के समर्थन में उतरे विधायक शैलेन्द्र जैन, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
6 हजार व्यावसायिक प्रशिक्षकों के समर्थन में उतरे विधायक शैलेन्द्र जैन, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

6 हजार व्यावसायिक प्रशिक्षकों के समर्थन में उतरे विधायक शैलेन्द्र जैन, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

सागर। मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत करीब 6 हजार व्यावसायिक प्रशिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने प्रशिक्षकों को थर्ड पार्टी आउटसोर्सिंग व्यवस्था से मुक्त करने, न्यूनतम 40 हजार रुपये मासिक वेतन देने और स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन करने की मांग उठाई है।

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के व्यावसायिक शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रांतीय प्रमुख शैलेन्द्र प्रजापति, नवीन व्यावसायिक शिक्षा-प्रशिक्षक महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रशांत दुबे और महिला मंडल प्रमुख प्रीतिबला जैन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक शैलेन्द्र जैन को ज्ञापन सौंपा था। इस पर विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रशिक्षकों की समस्याओं के निराकरण का आग्रह किया।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत समग्र शिक्षा अभियान में पिछले 10 वर्षों से सेवाएं दे रहे व्यावसायिक प्रशिक्षक कम मानदेय और थर्ड पार्टी आउटसोर्सिंग व्यवस्था के कारण आर्थिक असुरक्षा का सामना कर रहे हैं।

विधायक ने तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं। इनमें थर्ड पार्टी आउटसोर्सिंग (VTP) व्यवस्था समाप्त कर वेतन का भुगतान सीधे विभाग के माध्यम से कराने, वर्तमान 20 हजार रुपये मासिक वेतन बढ़ाकर न्यूनतम 40 हजार रुपये करने के साथ वार्षिक वेतनवृद्धि लागू करने और सभी प्रशिक्षकों के लिए स्पष्ट जॉब पॉलिसी बनाकर स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन करने की मांग शामिल है। इसके अलावा प्रशिक्षकों को 62 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा देने का भी आग्रह किया गया है।

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री राकेश गुप्ता ने विधायक शैलेन्द्र जैन के समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों का कौशल विकास कर रहे करीब 6 हजार व्यावसायिक प्रशिक्षकों का स्वयं का भविष्य असुरक्षित है। प्रशिक्षकों की मांगों के निराकरण के लिए शिक्षक संघ लगातार प्रयासरत है।

महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रशांत दुबे सहित पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रशिक्षकों की समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाने के लिए विधायक शैलेन्द्र जैन और मध्यप्रदेश शिक्षक संघ का आभार व्यक्त किया।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →