जूतों की दुकान के पीछे बने मकान में मिली देशी और अंग्रेजी शराब, कर्रापुर के व्यक्ति से खरीदने की बात आई सामने; पांच विशेष टीमें कर रहीं निगरानी
सागर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने बंडा एवं देवरी क्षेत्र में कार्रवाई तेज कर दी है। सागर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव के आदेशानुसार और सहायक आयुक्त आबकारी श्रीमती वंदना पांडे के निर्देशन में 21 नवंबर 2026 को बंडा वृत्त क्षेत्र में लगातार दबिश दी जा रही है। इसके लिए विभाग ने पांच विशेष टीमों का गठन किया है, जो क्षेत्र में तलाशी और निगरानी कर रही हैं।
इसी अभियान के तहत शनिवार सुबह मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने बंडा के बाजार स्थित वार्ड क्रमांक 09 में कार्रवाई की। सहायक जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में वृत्त प्रभारी और गठित दल ने जूते-चप्पल की दुकान संचालित करने वाले जितेंद्र लोधी, पिता बलराम लोधी, उम्र 31 वर्ष, के दुकान के पीछे बने रहवासी मकान की तलाशी ली।
मकान के एक बंद कमरे को संबंधित व्यक्ति से खुलवाकर जब जांच की गई तो वहां से देशी मदिरा मसाला के 16 पाव, MD व्हिस्की के 6 पाव और रॉयल स्टैग के 4 पाव बरामद हुए। इस तरह कुल 26 पाव शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 4,035 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में संबंधित व्यक्ति ने बताया कि उक्त शराब उसे कर्रापुर क्षेत्र के किसी व्यक्ति ने बेची थी। आबकारी विभाग अब शराब के स्रोत और संबंधित व्यक्ति की पहचान की पुष्टि करने में जुटा है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, बंडा वृत्त में चल रहे इस अभियान के तहत वृत्त प्रभारी सियाराम चौधरी, राजेन्द्र बिलवार, एस.पी. साकेत और दीप्ति किरण धुर्वे सहित पांचवीं टीम का संचालन स्वयं एडीईओ पूजा वर्मा कर रही हैं। सभी टीमें अपने-अपने स्तर पर क्षेत्र में दबिश देकर अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही हैं।
आबकारी विभाग का कहना है कि बंडा और देवरी क्षेत्र में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री को रोकने के लिए तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही गांव-गांव तक सूचना तंत्र विकसित कर ऐसी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।








