गौर उत्सव के चौथे दिन शास्त्रीय गायन, कथक और गजल की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सागर। डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में संस्थापक डॉ. सर हरिसिंह गौर की 157वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित गौर उत्सव-2026 के चौथे दिन स्वर्ण जयंती सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शास्त्रीय गायन, वादन, कथक नृत्य और गजल की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उस्ताद अलाउद्दीन खान अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। कुलपति प्रो. नागेश दुबे सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों ने कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम में सतना के डॉ. विनोद मिश्रा ने शास्त्रीय गायन के माध्यम से शिव तांडव, रामचरित मानस और पौराणिक प्रसंगों पर आधारित रचनाएं प्रस्तुत कीं। वहीं जयपुर घराने की साक्षी शर्मा की टीम ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। भोपाल के गजल गायक एवं तबला वादक उस्ताद सलीम अल्लाहवाले ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा।
संगीत और नृत्य की इन प्रस्तुतियों के दौरान सभागार तालियों से गूंजता रहा। गौर उत्सव के इस आयोजन में भारतीय शास्त्रीय संगीत और पारंपरिक नृत्य कलाओं की समृद्ध विरासत की झलक देखने को मिली।








