पहले 19 नवंबर से होनी थी परीक्षा, 7,500 पदों पर होगी भर्ती; प्रवेश पत्र जल्द होंगे जारी, गृह जिले में नहीं मिलेगी पहली पोस्टिंग
मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए परीक्षा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने आरक्षक (जीडी) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का नया कार्यक्रम जारी कर दिया है। अब यह परीक्षा 9 दिसंबर 2026 से आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मंडल जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एडमिट कार्ड उपलब्ध कराएगा।
गौरतलब है कि भर्ती परीक्षा पहले 19 नवंबर से प्रस्तावित थी। हालांकि, पुलिस विभाग की दूसरी परीक्षा के आयोजन और अभ्यर्थियों को होने वाली संभावित असुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया था।
7,500 पदों पर होगी भर्ती, 700 सीटें SAF के लिए
इस भर्ती अभियान के तहत मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में कुल 7,500 आरक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें 6,800 पद आरक्षक सामान्य ड्यूटी के हैं, जबकि 700 पद विशेष सशस्त्र बल (SAF) के लिए निर्धारित किए गए हैं।
भर्ती में शामिल होने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लगभग 7.5 लाख युवाओं ने आवेदन किया है। इस हिसाब से एक पद के लिए औसतन 100 उम्मीदवारों के बीच प्रतिस्पर्धा रहेगी। आवेदन करने वालों की बड़ी संख्या को देखते हुए परीक्षा में कड़ी चुनौती मिलने की संभावना है।
पीएचडी से लेकर आठवीं पास तक ने किया आवेदन
आरक्षक भर्ती के लिए निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के बावजूद उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं में भी इस नौकरी को लेकर खासा रुझान देखने को मिला है। आवेदन करने वालों में पीएचडी धारक, बीई और बीटेक इंजीनियरिंग डिग्री वाले अभ्यर्थियों के साथ पोस्ट ग्रेजुएट और ग्रेजुएट युवा भी शामिल हैं।
वहीं, डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण उम्मीदवारों ने भी आवेदन किया है। इनके अलावा हायर सेकेंडरी, हाईस्कूल और आठवीं पास अभ्यर्थियों ने भी भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए फॉर्म भरे हैं।
गृह जिले में नहीं होगी पहली पदस्थापना, 5 साल तक यूनिट में रहना होगा
भर्ती के नियमों में चयनित अभ्यर्थियों की पदस्थापना को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था की गई है। इसके तहत किसी भी आरक्षक को उसके गृह जिले में पहली नियुक्ति नहीं दी जाएगी।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को मध्य प्रदेश के 55 जिलों में उपलब्ध विकल्पों में से अपनी पसंद की यूनिट चुनने का मौका दिया गया था। चयन के बाद आवंटित यूनिट में कम से कम पांच साल तक सेवाएं देना अनिवार्य होगा। पांच साल की अवधि पूरी होने के बाद ही स्थानांतरण की पात्रता मिलेगी।
इसके साथ ही चयनित आरक्षकों को भोपाल, इंदौर और जबलपुर की शासकीय रेल पुलिस (GRP) इकाइयों में भी तैनात किया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों पर आधार से होगा बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने और अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रों पर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था अनिवार्य रहेगी।
यदि परीक्षा अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित की जाती है, तो सभी अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों में समानता बनाए रखने के लिए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। कर्मचारी चयन मंडल ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड जारी होने और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।
क्या होता है अंकों का नॉर्मलाइजेशन?
जब कोई परीक्षा एक से अधिक शिफ्ट में कराई जाती है, तो सभी शिफ्ट के प्रश्नपत्रों का कठिनाई स्तर एक जैसा होना जरूरी नहीं होता। किसी शिफ्ट में सवाल कठिन हो सकते हैं, जबकि दूसरी शिफ्ट में अपेक्षाकृत आसान प्रश्न पूछे जा सकते हैं। ऐसी स्थिति में अभ्यर्थियों के अंकों के बीच संतुलन बनाने के लिए नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया अपनाई जाती है।
इसे एक उदाहरण से समझा जा सकता है। मान लीजिए पहली शिफ्ट में प्रश्नपत्र कठिन था, जिसके कारण उसमें शामिल अभ्यर्थियों के औसत अंक कम रहे। वहीं दूसरी शिफ्ट का पेपर आसान होने से उम्मीदवारों के अंक तुलनात्मक रूप से अधिक आए।
ऐसे में दोनों शिफ्ट के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर और निर्धारित प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए अंकों का समायोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य अलग-अलग शिफ्ट में परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन करना है।








