ऑटो में बच्चों के साथ स्कूल जा रही शिक्षिका पर आरोपी ने फेंका मिर्ची पाउडर, चाकू से हमला करने का भी किया प्रयास; लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के बाघराज इलाके में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने स्कूल जा रही शिक्षिका पर हमला करने की कोशिश की। आरोपी ने पहले महिला की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंका और फिर चाकू से वार करने का प्रयास किया। घटना के दौरान ऑटो में बच्चे भी सवार थे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता की पत्नी पेशे से शिक्षिका हैं। सोमवार सुबह वह ऑटो रिक्शा से बच्चों के साथ स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान ढाना निवासी अजय तिवारी वहां पहुंचा और महिला को निशाना बनाते हुए उन पर मिर्ची पाउडर डाल दिया। इसके बाद उसने चाकू से हमला करने की कोशिश की। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी।
केस की फीस को लेकर चल रहा था विवाद
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत के मुताबिक, आरोपी अजय तिवारी का महिला के अधिवक्ता पति के साथ एक मामले की फीस को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने उनकी पत्नी पर हमला करने का प्रयास किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास सहित कई अन्य मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।








