सड़क पर बका लहराकर दहशत फैलाने वाली युवती पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
सागर। शहर के मुख्य बस स्टैंड के पास बीच सड़क पर हाथ में बका (धारदार हथियार) लेकर हंगामा करने और राहगीरों में दहशत फैलाने वाली युवती के खिलाफ गोपालगंज थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात मुख्य बस स्टैंड के पास एक युवती हाथ में बका लेकर सड़क पर हंगामा करती नजर आई। उसके हाथ में धारदार हथियार देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद गोपालगंज थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और युवती के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


