नगर निगम के ₹103.42 करोड़ फर्जी बिल घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, 32 आरोपियों पर अभियोजन शिकायत
इंदौर। नगर निगम के बहुचर्चित 103.42 करोड़ रुपये के फर्जी बिल घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीएमएलए कोर्ट में 32 आरोपियों के खिलाफ करीब 20 हजार पन्नों की विस्तृत अभियोजन शिकायत (प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट) दाखिल की है।
ईडी की जांच में ठेकेदारों, नगर निगम के अधिकारियों, लोकल फंड ऑडिट से जुड़े अधिकारियों सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि फर्जी वर्क ऑर्डर, फर्जी माप पुस्तिका (एमबी) और अन्य फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी धन का 103.42 करोड़ रुपये का गबन किया गया।
जांच के दौरान ईडी ने 22.04 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त और फ्रीज की हैं। वहीं अब तक इस मामले में कुल 59.18 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां अटैच, जब्त या फ्रीज की जा चुकी हैं।
ईडी ने इस मामले में कथित मास्टरमाइंड अभय सिंह राठौर समेत तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब पीएमएलए कोर्ट ने अभियोजन शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सभी आरोपियों को नोटिस जारी किए हैं। मामले में आगामी सुनवाई के दौरान आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


