सागर: नियमितीकरण की मांग को लेकर निगम कर्मियों का प्रदर्शन, निगमायुक्त ने दिया आश्वासन

सागर नगर निगम के दैनिक वेतनभोगी, मस्टरकर्मी और स्थाई कर्मियों ने नियमितीकरण की मांग उठाई, निगमायुक्त ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

सागर। नगर निगम में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, मस्टरकर्मी एवं स्थाई कर्मियों ने रविवार को महापौर संगीता सुशील तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार और निगमायुक्त राजकुमार खत्री को ज्ञापन सौंपकर रिक्त चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नियमित किए जाने की मांग की।

ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि निगम प्रशासन के निर्देशानुसार सभी पात्र कर्मचारियों ने निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा कर दिए हैं। वर्तमान में नगर निगम में करीब 415 दैनिक वेतनभोगी, मस्टरकर्मी एवं स्थाई कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में 50 से अधिक पार्क और 50 से अधिक मंगल भवन एवं सामुदायिक भवन संचालित हैं, ऐसे में माली और चौकीदार जैसे चतुर्थ श्रेणी के पदों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में इन कर्मचारियों के वेतन पर लगभग एक करोड़ रुपये प्रतिमाह खर्च हो रहा है। यदि सभी को नियमित किया जाता है तो यह व्यय लगभग 1.20 करोड़ रुपये प्रतिमाह होगा, जिससे निगम की आर्थिक स्थिति पर कोई गंभीर प्रभाव नहीं पड़ेगा।

कर्मचारियों ने शासन के आदेशों, नगर निगम इंदौर में हुए नियमितीकरण तथा उच्च न्यायालय जबलपुर के विभिन्न आदेशों का हवाला देते हुए सागर नगर निगम में भी नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के बाद निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि दैनिक वेतनभोगी, मस्टरकर्मी एवं स्थाई कर्मियों के नियमितीकरण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here