सड़क किनारे महिला का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

सड़क किनारे महिला का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

सागर। जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना राहतगढ़-सागर मार्ग पर बेरखेड़ी सड़क गांव के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को 112 डायल के माध्यम से सड़क किनारे महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शव करीब चार से पांच दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई गई है।

शव काफी पुराना होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है, जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा परीक्षण कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

राहतगढ़ पुलिस मृतका की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। इसके लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पहचान होने के बाद ही घटना के संबंध में अधिक जानकारी सामने आ सकेगी।

क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here