मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का धार्मिक आयोजन, वृंदावन बाग मंदिर में हवन-पूजन

मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का धार्मिक आयोजन, वृंदावन बाग मंदिर में हवन-पूजन

सागर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को भाजपा द्वारा शहर के वृंदावन बाग मंदिर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने हवन-पूजन कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि तथा प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

महंत नरहरिदास महाराज के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराते हुए देश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की।

जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है और अधोसंरचना विकास, महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं के लिए किए जा रहे कार्य देश को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

महापौर संगीता तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। वहीं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कार्यकर्ताओं से विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रसादी वितरण किया गया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह, जिनेश साहू, वीरेंद्र जैन, विनय मिश्रा, शैलेंद्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here