ईद-उल-अज़हा का पर्व जिलेभर में श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया

ईद-उल-अज़हा का पर्व जिलेभर में श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया

सागर। ईद-उल-अज़हा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को जिलेभर में धार्मिक उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर की ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन, खुशहाली तथा तरक्की की दुआ मांगी।

लेहदरा नाका भोपाल रोड स्थित ईदगाह में सुबह 7:30 बजे ईद की नमाज अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। ईदगाह में जगह कम पड़ने पर कई लोगों ने भोपाल रोड की एक ओर बैठकर नमाज अदा की। वहीं झांसी रोड स्थित ईदगाह में भी सुबह 7:30 बजे नमाज हुई। कसाब मस्जिद राहतगढ़ बस स्टैंड में सुबह 7:45 बजे तथा जामा मस्जिद कटरा और जामा मस्जिद सदर में सुबह 8 बजे ईद की नमाज अदा की गई।

पर्व को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल रहा। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने कुर्बानी की रस्म अदा की और समाज तथा देश में शांति, सौहार्द और समृद्धि की कामना की।

त्योहार को देखते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। पूरे शहर में ईद का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here