शिक्षिका की मारपीट से बेटे की मौत का आरोप, पिता ने संभागायुक्त से लगाई न्याय की गुहार

शिक्षिका की मारपीट से बेटे की मौत का आरोप, पिता ने संभागायुक्त से लगाई न्याय की गुहार

दमोह। एक छात्र की मौत के मामले में परिजनों ने स्कूल शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए संभागायुक्त सागर से न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों का आरोप है कि शिक्षिका द्वारा की गई मारपीट के कारण छात्र मानसिक रूप से आहत हो गया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दमोह निवासी स्वर्गीय काव्य नामदेव के पिता बमलाल नामदेव ने संभागायुक्त को सौंपे ज्ञापन में बताया कि 19 फरवरी 2026 को उनके पुत्र के साथ विद्यालय की शिक्षिका द्वारा मारपीट की गई थी। घटना के बाद छात्र गहरे तनाव में आ गया और उसकी हालत बिगड़ने पर विभिन्न अस्पतालों में उपचार कराया गया। परिजनों के अनुसार भोपाल और जबलपुर के अस्पतालों में करीब 78 दिनों तक इलाज चलने के बाद 15 मई 2026 को छात्र की मृत्यु हो गई।

पीड़ित पिता का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी सहित अन्य अधिकारियों से की थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार आवेदन देने के बावजूद न्याय नहीं मिल रहा है।

ज्ञापन में परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने, संबंधित शिक्षिका और विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने, पूर्व में दिए गए आवेदनों पर कार्रवाई नहीं होने के कारणों की जांच कराने तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराने की मांग की है।

मामला सामने आने के बाद अब परिजनों को जांच और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है। वहीं, प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here