सागर: बारातियों से भरी पिकअप पलटी, 11 घायल; ड्राइवर फरार, लापरवाही की आशंका

0

सागर: बारातियों से भरी पिकअप पलटी, 11 घायल; ड्राइवर फरार, लापरवाही की आशंका
सागर। सानौधा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब बारातियों को लेकर जा रही पिकअप वाहन सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया, जबकि ड्राइवर पिटाई के डर से मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक पड़रिया गांव के सौर परिवार में शादी समारोह था और बारात पास के गांव जा रही थी। निकासी के बाद पिकअप में 20 से अधिक लोग सवार होकर निकले थे। करीब 1 किलोमीटर दूर सानौधा-शाहपुर रोड पर अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
हादसे में कुल 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। 7 घायलों को शाहपुर अस्पताल और 4 को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया है। गंभीर घायलों को देर रात बीएमसी रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों में मुकेश सौर, अच्छेलाल सौर, हजारी सौर, वीरू सौर, रूपसिंह, राज, रतन और छोटू सहित अन्य शामिल हैं।
सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर न तो कोई मोड़ है और न ही सामने से किसी वाहन की टक्कर हुई। ऐसे में प्राथमिक तौर पर ड्राइवर की लापरवाही या नशे में वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।

Ad 1

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here