सागर पुलिस का ‘SAFE Click’ अभियान शुरू, 15 दिनों तक चलेगा साइबर जागरूकता महाअभियान

सागर पुलिस का ‘SAFE Click’ अभियान शुरू, 15 दिनों तक चलेगा साइबर जागरूकता महाअभियान

सागर। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को देखते हुए सागर पुलिस ने जिलेभर में 15 दिवसीय “SAFE Click” साइबर जागरूकता पखवाड़े का शुभारंभ किया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार शुरू किए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना है।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के सफल संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी सहित सभी एसडीओपी, थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

15 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में साइबर फ्रॉड से बचाव संबंधी जानकारी, महिलाओं एवं बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा, ग्राम पंचायतों में साइबर चौपाल, अस्पतालों एवं शासकीय कार्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, साइबर सुरक्षा रैली, सोशल मीडिया अभियान, डिजिटल भुगतान सुरक्षा संबंधी जानकारी तथा धार्मिक एवं सामुदायिक स्थलों पर साइबर सुरक्षा संदेश प्रसारित किए जाएंगे। इसके साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया जाएगा।

अभियान के पहले दिन खेल परिसर सागर में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों, युवाओं और नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध और साइबर बुलिंग से बचाव के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने मानव श्रृंखला बनाकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश दिया और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। साथ ही नागरिकों को किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने और cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

सागर पुलिस ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारी संगठनों, बैंक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है।

मुख्य बिंदु

  • सागर में 15 दिवसीय SAFE Click साइबर जागरूकता अभियान शुरू।
  • शहर से गांव तक साइबर सुरक्षा पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम।
  • ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, यूपीआई फ्रॉड और साइबर बुलिंग से बचाव की दी जाएगी जानकारी।
  • खेल परिसर में मानव श्रृंखला बनाकर दिया गया साइबर सुरक्षा का संदेश।
  • साइबर हेल्पलाइन 1930 और NCRP पोर्टल के उपयोग पर रहेगा विशेष फोकस।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here