रेलवे फाटक के पास ट्रेन से टकराया युवक, सिर में आई गंभीर चोट..
सागर। बीना के आगासौद रोड स्थित डबल रेलवे फाटक के पास एक हादसे में एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सागर रेफर कर दिया गया।
घायल की पहचान इस्लामनगर बरदौरा निवासी 50 वर्षीय आसिफ, पिता बाली मोहम्मद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आसिफ किसी काम से घर से निकला था और रेलवे फाटक के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रेन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक विक्रम प्रताप और पायलट इमरत सेन ने बिना देर किए घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि आसिफ मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह ट्रेन की चपेट में कैसे आया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


