सागर: नपा अध्यक्ष पर फर्जी हस्ताक्षर का मामला दर्ज, महिला पार्षद की शिकायत पर FIR

सागर: नपा अध्यक्ष पर फर्जी हस्ताक्षर का मामला दर्ज, महिला पार्षद की शिकायत पर एफआईआर

सागर। जिले के देवरी कलां नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन के खिलाफ फर्जी हस्ताक्षर करने के आरोप में देवरी थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। वार्ड क्रमांक-5 की पार्षद सुनीता लोधी की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचना सहित गंभीर धाराओं में मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।

उप निरीक्षक समरत सीनम देवरी थाना

पुलिस को दी गई शिकायत में पार्षद सुनीता पति दामोदर लोधी ने आरोप लगाया है कि वे वर्ष 2024 तक अध्यक्ष द्वारा गठित प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल (पीआईसी) की सदस्य थीं। शिकायत के अनुसार 23 जनवरी 2023 से लेकर 13 दिसंबर 2023 के बीच आयोजित 11 पीआईसी बैठकों के हाजिरी रजिस्टर में उनके नाम के आगे हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं, जबकि वे उन बैठकों में शामिल ही नहीं हुई थीं।

शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्हें इन बैठकों की कोई लिखित, मौखिक अथवा फोन पर सूचना नहीं दी गई थी। बाद में सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत बैठकों के प्रस्ताव और हाजिरी रजिस्टर की प्रमाणित प्रतियां प्राप्त होने पर कथित फर्जी हस्ताक्षरों का खुलासा हुआ।

सुनीता लोधी ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि परिषद सम्मेलन की विभिन्न बैठकों में उन्होंने स्वयं उपस्थित होकर हस्ताक्षर किए थे, जिनकी तुलना करने पर पीआईसी बैठकों में दर्ज हस्ताक्षर अलग प्रतीत होते हैं। उनका आरोप है कि फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर बैठकों की कार्रवाई को वैध दर्शाया गया तथा प्रस्ताव पारित किए गए।

शिकायत में नगर पालिका अध्यक्ष पर षड्यंत्रपूर्वक कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अवैध लाभ प्राप्त करने तथा शासकीय योजनाओं एवं राशि के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है।

देवरी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 467 (मूल्यवान अभिलेख की कूटरचना), 468 (छल के उद्देश्य से कूटरचना) एवं 471 (कूटरचित दस्तावेज का उपयोग) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान दस्तावेजों की जांच एवं आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जाएंगे, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि नगर पालिका की बैठकों से जुड़े दस्तावेजों में कथित फर्जी हस्ताक्षरों का मामला सामने आने के बाद देवरी की स्थानीय राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। अब जांच के निष्कर्षों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here