घर में चोरी करने वाले तीन आरोपियों को सागर पुलिस ने भोपाल से किया गिरफ्तार, 60 हजार का माल बरामद
सागर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने दिनदहाड़े हुई चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए भोपाल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए करीब 60 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ने बताया कि 23 जनवरी 2026 को एमआईजी कॉलोनी निवासी कल्पना रावत ने अपने घर में दिनदहाड़े चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 26/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। विवेचना के दौरान तीन संदिग्धों की पहचान की गई, जिन्हें प्रोडक्शन वारंट पर भोपाल से सागर लाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली और उनकी निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का पेंडल, तीन जोड़ी चांदी की पायल तथा आठ नग बिछिया बरामद की हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजा (23) पिता आसिफ खान, लकी (23) पिता मुदुल राजपूत निवासी कोलार रोड भोपाल तथा विजय डिडोरिया (21) पिता मुकेश डिडोरिया निवासी भोपाल शामिल हैं। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना सिविल लाइन के उपनिरीक्षक बी.एस. कारोलिया, प्रधान आरक्षक सतीश बैन, आरक्षक हरगोविन्द, विपिन, रवि कुमार, नीरज एवं जवाहर सिंह, साइबर सेल सागर के कुलदीप और सौरभ तथा फिंगरप्रिंट शाखा के उपनिरीक्षक अनिल अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


