सागर टाइगर रिजर्व में सागौन की अवैध कटाई का खुलासा, भारी मात्रा में लकड़ी जब्त
सागर। वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाली पुरैना बीट में सागौन की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, लकड़ी तस्कर जंगल में सागौन के पेड़ों की कटाई कर लकड़ी को वहीं छिपाकर जमा कर रहे थे। मौका मिलते ही इस लकड़ी को बाहर ले जाकर खपाने की तैयारी थी।
इसी दौरान वन विभाग को मुखबिर के जरिए इस अवैध गतिविधि की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने तत्काल एक टीम गठित की और मौके पर कार्रवाई के लिए रवाना किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की, जहां बड़ी मात्रा में लकड़ी बरामद की गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व की नौरादेही रेंज की पुरैना बीट में की गई। छापे के दौरान करीब 120 नग लकड़ी, जो लगभग 6 घन मीटर बताई जा रही है, जब्त की गई है। इसमें सागौन के साथ अन्य प्रजाति की लकड़ी भी शामिल है, जिसे अवैध रूप से इकट्ठा किया गया था।
इस मामले में शुक्रवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वन विभाग की टीम संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी हुई है।
डीएफओ रजनीश सिंह के मुताबिक, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें।


