नरयावली में CM मोहन यादव का दौरा: सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण, 63 करोड़ से ज्यादा के 75 कार्यों की सौगात
सागर जिले के नरयावली में गुरुवार, 23 अप्रैल को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दौरा कई अहम घोषणाओं और विकास कार्यों के साथ संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने यहां सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया और 63.41 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 75 विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले छात्रों का मंच से सम्मान भी किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सांदीपनि विद्यालय को केवल एक स्कूल नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता की स्मृति से जुड़ा स्थान बताया। अपने भाषण में उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी बात रखी और कहा कि उनकी सरकार महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जरूर मिलेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जरुआखेड़ा स्थित शासकीय आईटीआई में नई ट्रेड शुरू करने की घोषणा की। साथ ही कर्रापुर नगर परिषद के विकास कार्यों के लिए राशि, खाकरोन और ईश्वरवारा में पुल निर्माण, रामछायरी में पुल और बम्होरी तिराहा से गढ़पहरा तक फोरलेन सड़क निर्माण जैसे कई कार्यों की घोषणा की। मकरोनिया फ्लाईओवर का भी उल्लेख किया गया, हालांकि इस पर स्पष्ट घोषणा नहीं हुई।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार इस वर्ष को किसान सम्मान वर्ष के रूप में मना रही है। उन्होंने बताया कि यदि विकास कार्यों के दौरान किसानों की जमीन अधिग्रहित होती है, तो उन्हें चार गुना मुआवजा देने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री के नरयावली पहुंचने पर उनका बुंदेली परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत वे सुबह 11:40 बजे भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना हुए और दोपहर 12:30 बजे नरयावली पहुंचे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 2:20 बजे वे वापस भोपाल के लिए रवाना हो गए।


