धर्मांतरण मामला: विदेश फंडिंग के मास्टरमाइंड के भोपाल स्थित घर पर कुर्की, आरोपी अब भी फरार
सगी बहनों के धर्मांतरण मामले में यूपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, परिवार पर कसा शिकंजा
भोपाल/आगरा। सगी बहनों के धर्मांतरण के सनसनीखेज मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दाऊद अहमद के भोपाल स्थित निवास पर कुर्की की कार्रवाई की। यह कार्रवाई भोपाल के गांधी नगर इलाके की रिलायबल हाइटेक सिटी कॉलोनी में की गई, जहां आरोपी का घर स्थित है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दाऊद अहमद पर विदेश से फंडिंग कर धर्मांतरण गतिविधियों को संचालित करने का आरोप है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश जारी है।
कार्रवाई के दौरान आरोपी का पिता जावेद अहमद मौके पर मौजूद रहा। पुलिस ने विधिवत प्रक्रिया के तहत संपत्ति कुर्क की और घर पर नोटिस भी चस्पा किया।
आगरा पुलिस कमिश्नरेट के सीपी दीपक कुमार इस पूरे मामले की स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई थाना सदर बाजार, आगरा में दर्ज मुकदमा संख्या 228/25 के तहत की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ धारा 85 बीएनएसएस के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई है। जांच एजेंसियां आरोपी के विदेश कनेक्शन और फंडिंग नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं।
जांच जारी, गिरफ्तारी पर फोकस
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। साथ ही, इस मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी पहचान की जा रही है।


