बीना जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों में सीटें फुल, जनरल कोच में खड़े होकर सफर करने को मजबूर यात्री
सागर/बीना। अप्रैल माह में शादियों के मुहूर्त और गर्मी की छुट्टियों की शुरुआत के साथ ही ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ गई है। हालत यह है कि स्लीपर कोच पूरी तरह भरे हुए हैं, जबकि जनरल कोच में इतनी भी जगह नहीं बची कि यात्री ठीक से खड़े हो सकें।
बीना रेलवे जंक्शन से दिल्ली, मुंबई, पुणे, हैदराबाद और चेन्नई के साथ-साथ कटनी और गुना रूट पर चलने वाली लगभग सभी ट्रेनों में यही स्थिति देखने को मिल रही है। एसी और स्लीपर क्लास की सीटें पहले से ही आरक्षित हो चुकी हैं, जिससे तत्काल यात्रा करने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
भीड़ के कारण कई यात्रियों को लंबी दूरी तक खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। ऐसे में सीट को लेकर कहासुनी और विवाद की स्थिति भी बन जाती है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे को जनरल कोच की संख्या बढ़ानी चाहिए, ताकि आम यात्रियों को कुछ राहत मिल सके।
यात्रियों के अनुसार, इस समय ट्रेनों की बुकिंग काफी पहले से ही फुल हो रही है, जिससे रेलवे को अच्छा राजस्व भी मिल रहा है। लंबी दूरी के सफर के लिए लोग बसों की तुलना में ट्रेनों को अधिक सुरक्षित मानते हैं, यही वजह है कि इन दिनों ज्यादातर ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट लंबी चल रही है।


