पुष्पक एक्सप्रेस के टॉयलेट में फंदे से लटका मिला यात्री का शव, बीना स्टेशन पर मचा हड़कंप
सागर/बीना : भोपाल से ललितपुर जा रही ट्रेन नंबर 12534 पुष्पक एक्सप्रेस के जनरल कोच में गुरुवार देर रात एक यात्री का शव शौचालय की खिड़की पर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन गुरुवार रात करीब 10 बजे भोपाल से रवाना हुई थी। देर रात करीब 12 बजे गार्ड ने जनरल कोच के शौचालय में एक युवक को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पहले से मौजूद जीआरपी टीम ने बीना स्टेशन पर शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान गोरावर सिंह (30), पिता कुंजीलाल, निवासी कलीन चौक पदनिया, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई।
ट्रेन में सफर कर रहे कुछ यात्रियों ने पुलिस को बताया कि युवक भोपाल रेलवे स्टेशन से ट्रेन के गेट पर बैठकर यात्रा कर रहा था। फिलहाल जीआरपी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


