कोर्ट मैरिज के 7 महीने बाद जिला न्यायालय परिसर के पास नवदंपती से मारपीट, एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई गुहार
सागर जिला न्यायालय परिसर के पास कोर्ट मैरिज कर चुके नवदंपती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों ने युवती के परिजनों पर हमला करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सागर के जिला न्यायालय परिसर के पास गुरुवार को नवदंपती के साथ मारपीट की घटना सामने आई। विवाद के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। किसी तरह पति-पत्नी वहां से निकलकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
घायल रंजीत, निवासी सुभाष नगर, ने बताया कि वह दिल्ली में मजदूरी करता है। वहीं फरीदाबाद में रहने वाली युवती से उसका परिचय हुआ था। दोनों ने करीब सात महीने पहले दिल्ली में कोर्ट मैरिज कर ली थी और तब से साथ रह रहे थे।
रंजीत के अनुसार, बुधवार को वह पत्नी के साथ सागर आया था। युवती के परिजनों ने कागजी कार्रवाई कराने के बहाने उन्हें कचहरी बुलाया। गुरुवार को जिला न्यायालय परिसर पहुंचने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। रंजीत और उसकी पत्नी ने आरोप लगाया कि युवती के परिजनों ने उनके साथ मारपीट की। दोनों किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागे और एसपी कार्यालय पहुंचे।
मामले की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना पुलिस को मौके पर भेजा और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, युवती के परिजनों का कहना है कि मारपीट की शुरुआत युवक की ओर से की गई थी। पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।


