MP: शिकायत के बाद सीएसपी पर गिरी गाज, तीन थानों की जिम्मेदारी छीनी

कटनी की सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर वसूली के आरोप, तीन थानों का प्रभार वापस

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी में नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया एक बार फिर विवादों में हैं। एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी ने उन पर वाहन चेकिंग के दौरान 30 हजार रुपये की कथित अवैध वसूली का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीएसपी के चालक आरक्षक केशव सिंह को निलंबित कर दिया और नेहा पच्चीसिया से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थाना का प्रभार वापस ले लिया। इन थानों की जिम्मेदारी अजाक डीएसपी शिवा पाठक को सौंपी गई है।

शिकायतकर्ता महेंद्र कुमार जैन का आरोप है कि 21 जुलाई की रात उनकी हाईवा गाड़ी रोककर 30 हजार रुपये की मांग की गई, जिसमें 25 हजार रुपये मौके पर लिए गए। मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य को सौंपी गई है और शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।

इसी बीच हत्या के एक मामले में 90 दिनों के भीतर चालान पेश नहीं होने से आरोपी को डिफॉल्ट जमानत मिलने का मामला भी विभागीय जांच के दायरे में है। आरोप है कि इस प्रकरण में लाभ पहुंचाने के बदले जमीन कम कीमत पर बिकवाई गई। इस मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल कर रही हैं।

कटनी पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और विभागीय जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here