मकरोनिया के रामदरबार मंदिर में पार्थिव शिवलिंग निर्माण, रावतपुरा सरकार ने किया पूजन

रावतपुरा सरकार बोले: नर्मदा परिक्रमा करने वाला शिव स्वरूप हो जाता है

सागर। मकरोनिया स्थित श्री रामदरबार मंदिर में समष्टि वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा श्रावण मास के प्रथम दिन असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं शिव कथा सत्संग का आयोजन महंत केशव गिरि महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संत रावतपुरा सरकार का आगमन हुआ, जहां उन्होंने मंदिर में धूनी पूजन कर आहुतियां अर्पित कीं और श्रद्धालुओं को आशीर्वचन दिए।

रावतपुरा सरकार ने कहा कि नर्मदा परिक्रमा करने वाला व्यक्ति शिव स्वरूप हो जाता है और ऐसे परिक्रमा वासी के दर्शन से भी शिव दर्शन के समान पुण्य प्राप्त होता है।

उन्होंने कहा कि ब्रह्मलीन देव प्रभाकर शास्त्री दद्दा जी का आशीर्वाद सदैव उनके साथ है और धूनी वाले दद्दा साक्षात भगवान शिव के स्वरूप हैं। उन्होंने मातृशक्ति को समाज और धर्म का आधार बताते हुए धर्मकार्य में उनकी भूमिका की सराहना की।

महंत केशव गिरि महाराज ने कहा कि भगवान शिव की कृपा जिस पर होती है, उसके सभी कार्य सिद्ध होते हैं। उन्होंने रावतपुरा सरकार के आगमन को क्षेत्रवासियों के लिए सौभाग्य बताया और उनकी सरलता की प्रशंसा की।

कार्यक्रम की आयोजिका अधिवक्ता दीपा तिवारी ने बताया कि श्रावण मास के प्रथम दिन आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पार्थिव शिवलिंग निर्माण कर पूजा-अर्चना की। अंत में उन्होंने सभी संतों, अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, पूर्व विधायक पारुल साहू, एसवीएन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अनिल तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here