न्यायिक परिवार में खेल से बढ़ा सौहार्द, ‘उल्लास’ अभियान के तहत हुआ क्रिकेट मुकाबला

‘उल्लास: एक अभिनव प्रयोग’ के तहत न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच, टीम भावना और आपसी समन्वय का दिया संदेश

सागर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सागर द्वारा “उल्लास: एक अभिनव प्रयोग” अभियान के अंतर्गत शनिवार को सिटी स्टेडियम में न्यायिक अधिकारियों, न्यायालयीन कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायिक परिवार के सदस्यों के बीच आपसी समन्वय, संवाद, टीम भावना और तनावमुक्त कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना था।

यह आयोजन मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर एवं माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एम.के. शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। मैच में न्यायिक अधिकारी-कर्मचारी टीम और अधिवक्तागण की टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एम.के. शर्मा ने दोनों टीमों के बीच टॉस कराया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि “उल्लास: एक अभिनव प्रयोग” अभियान का उद्देश्य न्यायिक परिवार के साथ-साथ समाज में भी सकारात्मक ऊर्जा और विधिक जागरूकता का प्रसार करना है।

रोमांचक मुकाबले में न्यायिक अधिकारी-कर्मचारी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 113 रन बनाए और अधिवक्ताओं की टीम के सामने 114 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में अधिवक्ताओं की टीम निर्धारित ओवरों में 92 रन ही बना सकी। इस तरह न्यायिक अधिकारी-कर्मचारी टीम ने 21 रनों से शानदार जीत दर्ज की।

मैच के समापन पर विजेता टीम के कप्तान दीपक रैकवार, सांख्यिकीय लिपिक को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किया गया। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सहायक ग्रेड-03 चंद्रभान अहिरवार को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज एवं “मैन ऑफ द मैच” चुना गया, जबकि जिला न्यायाधीश रमेश सिंह को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

समारोह में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह राजपूत एवं सचिव वीरेंद्र सिंह राजपूत भी उपस्थित रहे। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं के बीच आपसी संवाद, सहयोग और सौहार्द को मजबूत करते हैं, जिससे न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश अंकित श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन में न्यायिक अधिकारी, न्यायालयीन कर्मचारी एवं अधिवक्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here