मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में राधा तिराहा से डिंपल पेट्रोल पंप रोड तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
सागर में राधा तिराहा से डिंपल पेट्रोल पंप रोड तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

सागर में राधा तिराहा से डिंपल पेट्रोल पंप रोड तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

मीट मार्केट के आसपास टीन शेड, टपरियां और अन्य अतिक्रमण हटाए; रहवासी महिलाओं से निगमायुक्त ने किया स्वच्छता संवाद

सागर। शहर की यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने बुधवार को राधा तिराहा से डिंपल पेट्रोल पंप तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक सागर स्मार्ट सिटी राजकुमार खत्री ने पैदल निरीक्षण कर सड़क पर किए गए अतिक्रमण हटवाए और निगमकर्मियों को आगे भी सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे बनी बांस-बल्ली की टपरियां, पक्के टीन शेड और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। मीट मार्केट के आसपास मांस-मछली विक्रेताओं एवं अन्य दुकानदारों द्वारा सड़क पर लगाए गए टीन शेड, त्रिपाल, बांस-पाइप सहित अन्य सामग्री भी हटवाई गई। निगमायुक्त ने दुकानदारों को भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश दी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों की सामग्री जब्त करने के साथ चालानी कार्रवाई की जाए। यह मार्ग रेलवे स्टेशन और सब्जी मंडी की ओर जाने वाला प्रमुख और यातायात दबाव वाला मार्ग है। निगमायुक्त ने कहा कि सड़क का चौड़ीकरण नागरिकों की सुविधा के लिए किया गया है, इसलिए आवागमन सुगम बनाए रखने के लिए सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखना जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था और डिवाइडरों की सफाई का भी जायजा लिया गया। स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत अलग-अलग प्रकार के कचरे के लिए डस्टबिन रखने और कचरा केवल कचरा संग्रहण वाहनों को देने की समझाइश दी गई।

मीट मार्केट के पीछे रहने वाली महिलाओं से निगमायुक्त ने स्वच्छता संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र के नाले की तत्काल सफाई कराने और समग्र स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नाले को पूरी तरह ढककर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →