मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में नियम ताक पर: यात्री बसों पर माल और गाड़ियों की ओवरलोडिंग, सुगम सफर के दावों की खुली पोल

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
सागर में नियम ताक पर: यात्री बसों पर माल और गाड़ियों की ओवरलोडिंग, सुगम सफर के दावों की खुली पोल

सागर में ‘सुगम बस सेवा’ के दावों की हवा निकालता छतों का लोड: यात्री बसों में धड़ल्ले से लादी जा रही बाइक और स्कूटी, हादसों को न्योता

सागर। एक ओर जहां केंद्र सरकार और राज्य की डॉ. मोहन यादव सरकार प्रदेश भर में यात्रियों को सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा देने के लिए ‘सुगम बस सेवा’ जैसी योजनाओं का बखान कर रही है, वहीं सागर जिले में जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। जिले में संचालित यात्री बसों में सुरक्षा मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने वाली बसों की छतों पर बाइक, स्कूटी और भारी-भरकम व्यावसायिक माल लादकर दौड़ाया जा रहा है।

बस स्टैंड और प्रमुख मार्गों पर रोजाना दर्जनों ऐसी बसें देखी जा सकती हैं, जिनकी छतों पर दोपहिया वाहन बंधे होते हैं। मोटर वाहन अधिनियम के सख्त नियमों के बावजूद स्थानीय परिवहन विभाग (RTO) और यातायात पुलिस की खामोशी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सेंटर ऑफ ग्रेविटी बिगड़ने से पलटने का खतरा परिवहन विशेषज्ञों के अनुसार, यात्री बसें केवल सवारियों और उनके व्यक्तिगत सामान के परिवहन के लिए अधिकृत होती हैं। जब बस की छत पर भारी-भरकम दोपहिया वाहन या व्यावसायिक माल लादा जाता है, तो बस का संतुलन (सेंटर ऑफ ग्रेविटी) ऊपर की ओर शिफ्ट हो जाता है। ऐसी स्थिति में तेज मोड़, अचानक ब्रेक लगाने या असंतुलित सड़कों पर बस के पलटने की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। इसके बावजूद यात्रियों की जान जोखिम में डालकर बस संचालक अतिरिक्त कमाई के लालच में यह अवैध ओवरलोडिंग कर रहे हैं।

नियमों की सरेआम धज्जियां मोटर वाहन अधिनियम के तहत यात्री बसों में माल या गाड़ियां ढोना परमिट की शर्तों का सीधा उल्लंघन है। धारा 66/192A के तहत ऐसा करने पर भारी जुर्माना और बस को जब्त करने का प्रावधान है। लेकिन सागर में चेकिंग पॉइंटों और ट्रैफिक चौकियों के सामने से ऐसी बसें बेखौफ गुजर रही हैं।

सुगम और सुरक्षित सफर का सपना दिखाने वाली प्रशासनिक व्यवस्था में इस तरह का अनदेखापन कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। अब देखना यह है कि केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्री के दौरों व घोषणाओं के बाद क्या सागर का परिवहन अमला इन जानलेवा लापरवाहियों पर कोई सख्त कदम उठाता है या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →