सिविल लाइन-तिली रोड पर फुटपाथ बना पार्किंग, 18 वाहनों पर कार्रवाई
9 हजार रुपए समन शुल्क वसूला, दोबारा पार्किंग मिलने पर क्रेन से जब्ती की चेतावनी
सागर। शहर में फुटपाथ पर वाहन खड़े कर पैदल यात्रियों का रास्ता रोकने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को सिविल लाइन से तिली रोड मार्ग पर फुटपाथ पर पार्क किए गए 18 चार पहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 हजार रुपए समन शुल्क वसूला गया।
यातायात पुलिस के अनुसार फुटपाथ पैदल यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए होता है, लेकिन कई वाहन चालक यहां वाहन खड़े कर देते हैं। इससे पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरकर निकलना पड़ता है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक यातायात मयंक चौहान और यातायात प्रभारी मोहन सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को फुटपाथ पर पार्किंग नहीं करने की समझाइश भी दी गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि दोबारा फुटपाथ पर वाहन खड़ा मिला तो क्रेन की मदद से वाहन जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और फुटपाथ को पैदल यात्रियों के लिए खाली रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को लेकर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








