मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में अग्निवीर सेना भर्ती रैली 1 अक्टूबर से, 10 जिलों के 11 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
सागर में अग्निवीर सेना भर्ती रैली 1 अक्टूबर से, 10 जिलों के 11 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल

सागार में अग्निवीर सेना भर्ती रैली 1 अक्टूबर से, 10 जिलों के 11 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल

सागर। शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में 1 से 14 अक्टूबर तक 14 दिवसीय अग्निवीर सेना भर्ती रैली आयोजित होगी। इसमें सागर सहित 10 जिलों के करीब 11 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।

रैली की तैयारियों को लेकर कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया ने सेना अधिकारियों के साथ भर्ती स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने आईडी स्कैनिंग, रजिस्ट्रेशन, बायोमेट्रिक, टी-शर्ट वितरण और शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए तैयार किए गए दौड़ ट्रैक का जायजा लिया।

कलेक्टर ने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, स्वच्छता, पर्याप्त शौचालय, आवास, भोजन और परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भर्ती स्थल पर 24 घंटे मेडिकल टीम, एंबुलेंस और आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है। अभ्यर्थियों को आवश्यक जानकारी देने के लिए साउंड एवं अनाउंसमेंट सिस्टम भी लगाया जाएगा।

एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने को देखते हुए प्रमुख मार्गों, पार्किंग और भर्ती परिसर के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण और बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

रैली में सागर, शिवपुरी, छतरपुर, दतिया, टीकमगढ़, निवाड़ी, श्योपुर, भिंड, मुरैना और ग्वालियर जिले के अभ्यर्थी शामिल होंगे। निरीक्षण के दौरान सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर के कर्नल पंकज कुमार सहित जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

समाजसेवी जंडेल सिंह आगे आये

1 से 12 अक्टूबर तक भर्ती रैली में शामिल होने के लिए सागर आने वाले करीब 11 हजार अभ्यर्थियों के ठहरने, नाश्ते और भोजन की नि:शुल्क व्यवस्था मकरोनिया स्थित शिव पार्वती गार्डन में की गई है। महात्मा पूरण दास ट्रस्ट, मगरोनी जिला शिवपुरी के अध्यक्ष जंडेल सिंह गुर्जर की ओर से यह व्यवस्था की जा रही है। यहां अभ्यर्थियों के रुकने, स्नान, भोजन, नाश्ते और फोटो कॉपी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →