साधारण परिवार की वंदना नामदेव बनीं सहायक प्राध्यापक, GATE 2026 भी किया क्वालीफाई
एमएससी गणित और SET के बाद राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता, तिलक कॉलेज के शिक्षकों को दिया श्रेय
कटनी। साधारण परिवार से आने वाली शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी की पूर्व छात्रा वंदना नामदेव ने अपनी मेहनत और लगन से उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। गणित विषय में एमएससी करने वाली वंदना का चयन सहायक प्राध्यापक (गणित) के पद पर हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने GATE 2026 परीक्षा भी क्वालीफाई की है। वंदना SET भी क्वालीफाई कर चुकी हैं।
वंदना के पिता संतोष कुमार नामदेव सिलाई का कार्य करते हैं, जबकि माता सुनीता नामदेव गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों वाले परिवार से आने के बावजूद वंदना ने पढ़ाई के दौरान लगातार मेहनत और बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने वर्ष 2018 में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद वर्ष 2021 में शासकीय कन्या महाविद्यालय से B.Sc. तथा वर्ष 2023 में शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी से M.Sc. (Mathematics) की उपाधि प्राप्त की।
वंदना ने अपनी सफलता का श्रेय तिलक महाविद्यालय में एमएससी के दौरान मार्गदर्शन देने वाले प्राध्यापकों डॉ. राहुल कुमार मौर्य, शंकर कुमार मेहता और धीरज कुमार को दिया है।
उन्होंने बताया कि एमएससी के दौरान शिक्षकों ने गणित के कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाने के साथ परीक्षा की तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन दिया। उन्होंने कहा कि तिलक महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण उनकी सफलता में महत्वपूर्ण रहा।
वंदना की उपलब्धि उनके परिवार के साथ ही शासकीय तिलक महाविद्यालय और कटनी जिले के लिए भी गौरव का विषय है। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर मेहनत, अध्ययन और उचित मार्गदर्शन से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।








