ससुराल पक्ष पर बाइक और 1 लाख रुपए मांगने का आरोप, परिजन बोले- अस्पताल में शरीर पर मिले चोट के निशान; निष्पक्ष जांच की मांग
सागर। रहली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा पटेल की मौत के मामले में मंगलवार को नया मोड़ सामने आया। नेहा के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायती आवेदन देकर ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में नेहा के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए थे। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मृतका के पिता मुंडेलाल पटेल, निवासी सुजनीपुर, ने बताया कि नेहा की शादी 11 मई 2023 को रहली के वार्ड क्रमांक-2 निवासी शुभम पटेल के साथ हुई थी। पिता के अनुसार शादी के शुरुआती करीब एक साल तक वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर नेहा को परेशान किए जाने की बात सामने आने लगी।
मुंडेलाल पटेल के मुताबिक नेहा ने अपने परिवार को बताया था कि ससुराल वाले बाइक और 1 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। परिवार ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। पिता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नेहा को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
21 सितंबर को मायके से ससुराल गई, अगले दिन मिली मौत की खबर
परिजनों ने बताया कि 14 सितंबर को नेहा का भाई अजय उसे लेने के लिए ससुराल गया था। इसके बाद नेहा अपने मायके आ गई और वहीं रही। 21 सितंबर को उसका पति शुभम मायके पहुंचा और नेहा को अपने साथ ससुराल ले गया। परिवार ने उसे पति के साथ भेज दिया।
इसके अगले दिन 22 सितंबर की रात करीब 10 बजे ससुराल पक्ष की ओर से परिजनों को फोन कर बताया गया कि नेहा ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग ससुराल पहुंचे और नेहा को अस्पताल में देखा। भाई अजय के अनुसार, नेहा के पैर, हाथ, गले और सिर पर चोट के निशान नजर आ रहे थे।
भाई का आरोप- बहन ने फांसी नहीं लगाई
नेहा के भाई अजय ने आरोप लगाया कि उसकी बहन ने फांसी नहीं लगाई, बल्कि ससुराल पक्ष ने प्रताड़ित करने और मारपीट के बाद उसकी हत्या की है। हालांकि, इस मामले में पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट परिजनों को नहीं मिली है।
परिजनों ने मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस की ओर से परिजनों को आश्वासन दिया गया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।








