मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

मकान की रजिस्ट्री के बाद 3.55 लाख रुपए बकाया, धोखाधड़ी और धमकी का आरोप

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
मकान की रजिस्ट्री के बाद 3.55 लाख रुपए बकाया, धोखाधड़ी और धमकी का आरोप

रूपसींग उर्फ नन्ने भाई लोधी ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की शिकायत, कम पढ़े-लिखे होने का फायदा उठाकर रजिस्ट्री कराने का लगाया आरोप

सागर। मकान की बिक्री और रजिस्ट्री के बाद शेष राशि नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए ग्राम बमूरा बिनेका निवासी रूपसींग उर्फ नन्ने भाई लोधी मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे सागर एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नीतेश नामदेव निवासी बाईसा मोहल्ला, वल्लभनगर वार्ड के खिलाफ शिकायत देकर कथित धोखाधड़ी, बकाया राशि और धमकी के मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में रूपसींग ने बताया कि नरयावली नाका स्थित उनका मकान 4 लाख रुपए में बेचने का सौदा नीतेश नामदेव के साथ हुआ था। उनके अनुसार, सौदे के दौरान 45 हजार रुपए बयाने के रूप में दिए गए थे। दोनों पक्षों के बीच तय हुआ था कि 15 दिसंबर 2025 को मकान की रजिस्ट्री के समय बाकी रकम का भुगतान किया जाएगा।

रूपसींग का आरोप है कि रजिस्ट्री पूरी होने के बाद नीतेश ने उनसे कहा कि वह अकेले हैं और रास्ते में कोई रकम लूट सकता है, इसलिए बाकी पैसे घर पहुंचकर दे दिए जाएंगे। इसके बाद जब वे घर पहुंचे तो कथित तौर पर उन्हें 2.30 लाख रुपए का चेक दिया गया।

आवेदक के मुताबिक, उक्त चेक की राशि उन्हें प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रजिस्ट्री में दर्ज चेक नंबर और उन्हें दिए गए चेक का नंबर अलग-अलग है। इसी आधार पर उन्होंने पूरे लेन-देन की जांच कराने की मांग की है।

3.55 लाख रुपए बकाया होने का दावा

रूपसींग के अनुसार, उन्हें मकान की बिक्री के एवज में केवल 45 हजार रुपए बयाने की राशि मिली है, जबकि कुल 3.55 लाख रुपए अब भी बकाया हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कम पढ़े-लिखे होने का फायदा उठाकर उनके साथ धोखाधड़ी की गई और मकान की रजिस्ट्री करा ली गई।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने बकाया राशि की मांग की तो उनके साथ गाली-गलौज की गई। साथ ही झूठे मामलों में फंसाने और मकान पर आने पर जान से खत्म करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

रूपसींग ने आवेदन में अपनी आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी स्थिति का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि वह ब्लड कैंसर समेत गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास न जमीन है और न ही मकान, जिसके चलते वर्तमान में मंदिरों में रहकर गुजारा कर रहे हैं।

उन्होंने एसपी से पूरे मामले की जांच कराने, कथित धोखाधड़ी के आरोपों पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा उन्हें और उनके बच्चों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →