आनंद वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिये विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित
मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार माननीय श्री एम.के. शर्मा, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर के मार्गदर्शन में एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंकित श्रीवास्तव के निर्देशन में दिनांक 01/10/2026 को अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर आनंद वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिये विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यालय में जिला विधिक सहायता अधिकारी, श्रीमती दिव्या भलावी द्वारा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007 के प्रमुख प्रावधानों, वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण के अधिकार, नालसा वरिष्ठ नागरिकों को विधिक सेवायें योजना तथा आवश्यकता होने पर कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही नालसा हेल्पलाइन नं. 15100 के संबंध में भी अवगत कराया गया।
पैनल अधिवक्ता श्री तुलसीराम चढ़ार एवं एल.ए.डी.सी.एस. (LADCS) से अधिवक्ता श्री राजेश बिदौलिया द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को भरण-पोषण के अधिकार, बच्चों द्वारा देखभाल न किये जाने की स्थिति में उपलब्ध कानूनी उपाय तथा विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें चिकित्सीय दल द्वारा स्वास्थ्य जाँच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाईयों का वितरण किया गया।
उक्त कार्यक्रम में वृद्धाश्रम का स्टाफ एवं पैरालीगल वॉलेन्टियर सहेन्द्र राठौर एवं संतोष पटेल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, भरण-पोषण, एवं कल्याण संबंधी प्रावधान तथा उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना एवं उन्हें सम्मानजनक एवं गरिमापूर्ण जीवन के लिये आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना रहा।








