नीट परीक्षा विवाद पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन; छात्रों पर कार्रवाई की जांच और अमित शाह के इस्तीफे की मांग
सागर। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में रविवार को युवा कांग्रेस ने सागर में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्रों पर बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कराने, परीक्षा में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की गई।
युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव जैद खान के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के बजाय सरकार को परीक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए।
पूर्व युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल चौबे ने कहा कि नीट परीक्षा करोड़ों छात्रों के भविष्य से जुड़ा विषय है। पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों से पूरी व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों पर कार्रवाई से उनके सवाल खत्म नहीं होंगे और परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
ज्ञापन में मांग की गई कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, यदि जांच में किसी अभ्यर्थी के अनुचित साधनों या धोखाधड़ी से प्रवेश लेने की पुष्टि होती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
जैद खान ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर युवा कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने, पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग दोहराई।
कार्यक्रम में युवक कांग्रेस और कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


