सागर में धार्मिक ग्रंथ के अपमान को लेकर संगठन ने सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
सागर। शहर में धार्मिक ग्रंथ के कथित अपमान के मामले को लेकर मंगलवार को जय महाकाल हिंदू संगठन ने गोपालगंज थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन में संगठन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति द्वारा हिंदू धर्म के पूजनीय ग्रंथ का अपमान कर उसे जलाने जैसी आपत्तिजनक हरकत की गई, जिससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन का कहना है कि इस घटना से शहर में आक्रोश का माहौल है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यदि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


