कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में गौ सेवक का अनोखा विरोध, लोगों को बांटे लॉलीपॉप
162 बार आवेदन देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का लगाया आरोप
सागर। जिला कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। खिमलासा निवासी गौ सेवक हरकिशन सेन ने जनसुनवाई में पहुंचे लोगों के बीच लॉलीपॉप बांटकर प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
मीडिया से चर्चा करते हुए हरकिशन सेन ने बताया कि जिले की गोचर भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर वह अब तक लगभग 162 बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि जनसुनवाई में आने वाले अधिकांश लोगों की समस्याओं का भी केवल कागजी निराकरण किया जाता है।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में जनता को वास्तविक समाधान नहीं मिलता, बल्कि केवल आश्वासन और औपचारिकताएं मिलती हैं। इसी के प्रतीकात्मक विरोध स्वरूप उन्होंने लोगों को लॉलीपॉप बांटे। हरकिशन ने कहा, “अधिकारी जनता को अप्रत्यक्ष रूप से लॉलीपॉप दे रहे हैं, जबकि आज मैं सीधे लॉलीपॉप बांट रहा हूं।”
उनके इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने जनसुनवाई में मौजूद लोगों और अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। हरकिशन सेन का कहना है कि गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।


