बिजली चोरी का प्रकरण बनाना पड़ा भारी: महिला ने अधिवक्ता साथी के साथ JE को चप्पलों से पीटा, CCTV वीडियो वायरल
सागर- खुरई। बिजली चोरी के मामले में कार्रवाई करने वाले विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) के साथ कार्यालय में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सागर। खुरई में बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज करने पर महिला ने अपने अधिवक्ता साथी व अन्य लोगों के साथ विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचकर JE कैलाश बेलदार की चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना CCTV में कैद हो गई, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में… pic.twitter.com/G0aTA1ONWX
— Gajendra Thakur (@kka_news) June 9, 2026
जानकारी के अनुसार, खुरई विद्युत वितरण केंद्र में पदस्थ जूनियर इंजीनियर कैलाश बेलदार ने शुक्रवार को नियमित जांच के दौरान आवास कॉलोनी निवासी मेवा लोधी को मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा था। इसके बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई से नाराज मेवा लोधी शनिवार सुबह अपने परिचित अधिवक्ता संतोष सिंह तथा दो अन्य लोगों के साथ विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंची। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार कार्यालय में प्रवेश करते ही अधिवक्ता संतोष सिंह ने JE कैलाश बेलदार को कुर्सी से पकड़कर उठाया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान मेवा लोधी ने चप्पलों से उनकी पिटाई की, जबकि साथ आए अन्य लोगों ने भी हाथापाई की।
अचानक हुए हमले से अधिकारी घबरा गए। शोर सुनकर कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद पीड़ित अधिकारी कैलाश बेलदार ने शहरी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मेवा लोधी, संतोष सिंह, नरेंद्र कुर्मी सहित चार लोगों के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


