प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविर में 150 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच
सागर। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय सागर में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 150 गर्भवती महिलाओं को प्रसवपूर्व स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर का आयोजन अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेश जैन एवं अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. एस.पी. सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान महिलाओं की सामान्य एवं विशेष स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा, मूत्र परीक्षण सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं। साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं (एचआरपी) की पहचान कर संबंधित महिलाओं को विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. सिफ्टी कौर एवं डॉ. प्रियंका पटेल ने गर्भवती महिलाओं का परीक्षण कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी। शिविर के सफल संचालन में विभागाध्यक्ष सहित विभागीय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि क्षेत्र की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे जनहितैषी शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए बीएमसी सागर निरंतर प्रयासरत है। ऐसे शिविरों के माध्यम से उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान कर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जा सकता है।
कॉलेज प्रशासन ने सभी गर्भवती महिलाओं से नियमित प्रसवपूर्व जांच कराने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।


