मध्य प्रदेश में सामूहिक विवाह के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, बारात लेकर पहुंचे 42 दूल्हे, दुल्हनें नहीं आईं, चार पर केस दर्ज
देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में सामूहिक विवाह के नाम पर बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां शादी कराने का झांसा देकर 42 युवकों और उनके परिवारों से लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। युवक बाकायदा बारात लेकर माता टेकरी मंदिर पहुंचे, लेकिन देर रात तक न दुल्हनें पहुंचीं और न ही शादी की कोई व्यवस्था हुई। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है, जिनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार 24 मई को कई युवक हल्दी और अन्य वैवाहिक रस्मों की तैयारी के साथ देवास पहुंचे थे। कुछ के गले में फूल मालाएं थीं तो कई रिश्तेदारों और बारातियों के साथ किराए की गाड़ियों में आए थे। सभी को भरोसा दिलाया गया था कि अगले 24 घंटे के भीतर उनकी शादी करा दी जाएगी।
भोपाल निवासी ओमप्रकाश प्रजापति सहित अन्य पीड़ितों ने बताया कि आरोपियों ने मोबाइल फोन पर युवतियों की तस्वीरें दिखाकर शादी तय कराई थी। इसके एवज में युवकों से अलग-अलग रकम भी ली गई। जब देर रात तक कोई दुल्हन नहीं पहुंची तो पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ितों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से शादी कराने के नाम पर लोगों को जाल में फंसाया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस तरह की ठगी अन्य जिलों में भी तो नहीं की गई।
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं पीड़ित परिवारों में नाराजगी और मायूसी का माहौल है।


