जिंदा-सेमरा फोरलेन मार्ग को मिली प्रशासकीय स्वीकृति, विधायक प्रदीप लारिया के प्रयास लाए रंग
सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र को विकास की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिली है। जिंदा-सेमरा फोरलेन मार्ग निर्माण कार्य को शासन से प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है। लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह 2.50 किलोमीटर लंबा फोरलेन मार्ग क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाएगा।
इस सड़क परियोजना के लिए पूर्व में बजट में राशि स्वीकृत की जा चुकी थी, जिसके बाद अब शासन द्वारा औपचारिक प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। क्षेत्रीय विधायक इंजी. के लगातार प्रयास, फॉलोअप और सक्रिय कार्यशैली के चलते यह महत्वपूर्ण परियोजना साकार हो सकी।
जिंदा-सेमरा मार्ग लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रहा है। फोरलेन सड़क बनने से ग्रामीण क्षेत्रों का आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। साथ ही लोगों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा की सुविधा प्राप्त होगी।
विधायक प्रदीप लारिया ने इस स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार के विकासपरक दृष्टिकोण से नरयावली विधानसभा क्षेत्र में लगातार आधारभूत संरचना के कार्यों को गति मिल रही है और प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने का संकल्प निरंतर पूरा किया जा रहा है।


