गेहूं बंटवारे का विवाद बना जानलेवा, पिता पर बेटे की हत्या का आरोप, पारिवारिक झगड़ा हिंसा में बदला, चार आरोपी गिरफ्तार
सागर। सानौधा थाना क्षेत्र के ग्राम पामाखेड़ी में पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जहां गेहूं के बंटवारे को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, 19 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे हिरदे अहिरवार और उसके छोटे बेटे हल्ले अहिरवार के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते उग्र हो गई।
आरोप है कि गुस्से में हिरदे अहिरवार ने अपने दूसरे बेटे पप्पू उर्फ शिवराम और पोतों को हल्ले पर हमला करने के लिए उकसाया। इसके बाद आरोपियों ने डंडों और पत्थरों से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी सीमा के साथ भी मारपीट की गई।
घायल हल्ले को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
कार्रवाई करते हुए बुधवार को पुलिस ने हिरदे अहिरवार (74), पप्पू उर्फ शिवराम अहिरवार (45), संदेश अहिरवार (22) और एक 16 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि गेहूं के बंटवारे और पुरानी रंजिश के चलते यह विवाद हुआ। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।


