भीषण गर्मी के चलते सागर में प्राथमिक कक्षाओं की छुट्टी घोषित
सागर। जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने बड़ा निर्णय लेते हुए स्कूलों के समय में बदलाव और अवकाश की घोषणा की है। जारी आदेश के अनुसार, भीषण गर्मी से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 23 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
वहीं कक्षा 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं पूर्व निर्धारित समयानुसार संचालित होंगी, लेकिन उनका समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही रहेगा। यह व्यवस्था पहले से लागू समय-सारणी के अनुरूप जारी रहेगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहकर शासकीय कार्यों का निर्वहन करेंगे। साथ ही, शासन द्वारा पूर्व निर्धारित परीक्षाएं एवं अन्य आवश्यक गतिविधियां तय समय-सारणी के अनुसार ही संचालित होती रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल को जिले का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, और आगामी दिनों में इसमें और वृद्धि की संभावना जताई गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
यह आदेश 23 अप्रैल 2026 से प्रभावशील रहेगा।


